धामनोद

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मालवा प्रान्त के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) में मातृहस्त भोजन का कार्यक्रम आयोजित

संवाददाता शिवशंकर वास्केल
धामनोद | धामनोद में चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मालवा प्रान्त के 15 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (विद्यार्थी) में मातृहस्त भोजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
भोजन के पूर्व धामनोद खण्ड से आये 265 परिवार व प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षार्थियों के मध्य लोकमाता अहिल्याबाई के त्रिशताब्दी जन्मजयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में अहिल्याबाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए लोकमान्य तिलक विद्यालय उज्जैन के कार्यपालन अधिकारी श्री गिरीश भालेराव ने कहा कि अहिल्याबाई का जन्म महाराष्ट्र प्रांत के चौण्डी नामक ग्राम में हुआ था। अहिल्या बचपन से ही भगवान शिव की परम भक्त थी, अहिल्याबाई ने भारत भर में प्रसिद्ध मंदिरों का निर्माण व्यक्तिगत धन से करवाया। लोकमाता ने जगह-जगह अन्न क्षेत्र खोले, लोगों के लिए कुएँ-बावड़ी एवं तालाब बनवाए। अहिल्याबाई ने 28 वर्ष तक होल्कर राज्य को अनवरत उत्तम प्रशासन और यशस्वी न्याय प्रदान किया। उनका व्यवहार सबके साथ स्नेहयुक्त एवं आदरपूर्ण था। साथ ही भालेराव ने कहा कि अहिल्याबाई ने समाज के लिए स्वयं को समर्पित कर दिया। वह हमेशा अपनी प्रजा और गरीबों की भलाई के बारे में सोचती रहती थी, गरीबों की हर संभव सहायता के लिए तत्पर रहती थी।
अहिल्याबाई ने महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिया, विधवा महिलाओं का पुनर्विवाह भी शुरू कराया। सर्वप्रथम उन्होंने अपनी सहेली रेणु का दोबारा विवाह कराया। अहिल्याबाई ने औरंगजेब द्वारा तोड़े हुए मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया, गरीबों में भोजन वितरण के लिए सदाव्रत आश्रम का निर्माण कराया। उन्होंने महेश्वर को अपनी राजधानी बनाया एवं वहाँ कई धार्मिक आयोजन और कथाएं करवाई।अहिल्याबाई का व्यवहार अपनी प्रजा के प्रति पुत्रवत था। काशी में मणिकर्णिका के अलावा एक नया घाट भी बनवाया। वाराणसी के तुलसी घाट के पास लोलार्क कुंड का निर्माण करवाया। कलकत्ता से काशी तक पक्की सड़क बनाने का सर्वप्रथम कार्य भी अहिल्याबाई ने किया था। उक्त कार्यक्रम में मंच पर वर्ग के सर्वाधिकारी श्री प्रकाश पाटीदार उपस्थित रहे। मातृहस्त भोजन में परिवार से ही भोजन बनाकर लाये एवं सभी ने साथ मे बैठकर भोजन किया। कार्यक्रम समाप्ति पर सहभागी परिवार को पौधों का वितरण भी किया। संघ शिक्षा वर्ग का प्रकट कार्यक्रम 02 जून 2024 को जनता जिनिंग धामनोद में होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!