
जिले में 1 लाख 96 हजार से अधिक लाडली बहनों को मिला राखी का गिफ्ट
प्रीतिश अनिल शर्मा
झाबुआ। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बहनों को मिला राखी का तोहफा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की एक करोड़ 29 लाख लाड़ली बहनों को 1897 करोड़ रुपए की राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। लाड़ली बहनों को इस बार रक्षाबंधन के पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने दोहरी सौगात दी है। उन्होंने योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाड़ली बहना को 1250 रुपए देते हुए रक्षाबंधन पर्व के रूप में 250 रुपए का विशेष उपहार भी दिया है। इस प्रकार झाबुआ जिले की 1 लाख 96 हजार 420 लाड़ली बहनों को 4 करोड़ 91 लाख 5 हजार का हितलाभ प्रदान किया गया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 55 लाख से अधिक हितग्राहियों को 332 करोड़ से अधिक की राशि एवं 450 रूपए में गैस रिफिल योजना में 25 लाख से अधिक बहनों कों 52 करोड़ से अधिक राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण प्रदेश की महिलाओं के खाते में किया गया।
जिले में विभिन्न स्थानों पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापक स्तर पर लाभार्थी एवं जनप्रतिनिधि जुड़े। जिला मुख्यालय पर कलेक्टर नेहा मीना वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुडे एवं लाड़ली बहनों कों प्रमाण पत्र देते हुए शुभकामनाये दी। इस दौरान महिला बाल विकास अधिकारी श्री राधुसिंह बघेल, उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग श्री पंकज सांवले एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।