

थांदला- श्रावण मास के पावन अवसर पर मातृ शक्ति महिला मंडल द्वारा रविवार को बावड़ी मंदिर से देवीगढ़ भूपेश्वर महादेव मंदिर तक हर-हर महादेव के जयकारे के साथ नगर की मातृशक्ति ने विशाल कांवड़ यात्रा निकाली। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति शामिल हुई। इस धार्मिक यात्रा में महिलाएं कंधे पर कांवड़ लेकर निकली। भजनों पर जगह-जगह नृत्य भी किया।
यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए हर-हर महादेव का जय घोष करते हुए भूपेश्वर महादेव मंदिर देवीगढ़ पहुंची। यहां महादेव को जल चढ़ाया गया। यात्रा को लेकर नगरवासियों में भी उत्साह का माहौल रहा। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके साथ यात्रा समापन के बाद म सामाजिक संगठनों द्वारा भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी की गई।
